Bihar News: दरभंगा के बिरौल में तेज रफ्तार दरभंगा-केसरी बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों युवक सुपौल बाजार से दिवाली का सामान खरीदकर अपने घर महमुदा लौट रहे थे। इसी दौरान SH-56 पर सिसौनी मोड़ के पास बस ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को रौंद दिया। मृतक की पहचान महमुदा गांव निवासी दिलीप यादव के 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक दुर्गेश पंडित का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण बस सर्विस का लाइसेंस रद्द करने और लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। करीब तीन घंटे से सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर लगभग तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छह थानों की पुलिस के साथ SDPO, SDM और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस-प्रशासन आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुटा है।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा





