Bihar Crime News: बिहार के सारण जिले में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. अमनौर थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस में रहने वाला एक युवक बच्ची को मोबाइल दिखाने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ गलत काम किया. बच्ची की रोने की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ. पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बच्ची स्कूल से घर लौटने के बाद घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक शादीशुदा युवक उसे मोबाइल फोन दिखाने का लालच देकर अपने घर ले गया. उस समय आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य खेत में धान की कटाई करने गए हुए थे और घर में वह अकेला था.
बच्ची की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची मां
पीड़िता की मां के पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, आरोपी ने घर में बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसी दौरान बच्ची रोने लगी और उसकी आवाज सुनकर मां मौके पर पहुंच गई. वहां पहुंचने पर मां को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई.
परिजनों ने बिना देर किए डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली.
छापेमारी कर आरोपी को पुलिस ने दबोचा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. कुछ ही देर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय जांच और उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा है. वहीं, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. बच्ची की भी मेडिकल जांच कराई जाएगी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा.
छह साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना को लेकर गांव के लोगों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.





