DARBHANGA: दरभंगा में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। जिले में दो अलग-अलग जगहों पर भीषण अगलगी की घटनाएं हुई हैं। बिशनपुर के हरिश्चंद्र गांव में मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान में आग लगने से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जबकि एक व्यक्ति का पैर टूट गया। वहीं, कुशेश्वरस्थान बाजार में भी आग ने तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
पहली घटना बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र गांव की है। यहां जगदीश शाह की मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिश के दौरान पांच लोग झुलस गए। घायलों में जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह और चांदनी देवी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में रमेश शाह आग की लपटों से बचने के लिए छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया। अगलगी ने परिवार को दोहरा झटका दिया है। दरअसल, आगामी 30 तारीख को जगदीश शाह के बेटे हीरालाल शाह की शादी होनी थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं और खरीदारी कर घर में रखे गए सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
आग लगने की दूसरी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार की है। यहां दो फर्नीचर दुकानों और एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा फर्नीचर, मोबाइल और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह है कि यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जिले में आग की इन दो घटनाओं ने कई परिवारों और कारोबारियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासकर बिशनपुर में शादी की तैयारियों के बीच हुई अगलगी से परिवार सदमे में है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





