PATNA:मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बिटिया शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होने जा रही है, जिसकी भव्य एवं शाही तैयारी की जा रही हैं। पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय सिंह के पुत्र ऋषिकेश कुमार से शादी होगी। इस शाही शादी में बॉलीवुड के कई अभिनेता शामिल होंगे। वही भोजपुरी सिनेमा के एक्टर और एक्ट्रेस के साथ-साथ सिंगर भी शामिल होंगे।
अनंत सिंह की तरह से सभी को निमंत्रण भेजा गया है। अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने वाले कलाकारों की लिस्ट आ गई है। इस लिस्ट में रवि किशन, खेसारी लाल यादव, सोनू सूद, उदित नारायण, पवन सिंह, गुंजन सिंह, अभिषेक सिंह, गोलू राजा, कल्लू, राकेश मिश्रा, आर्यन बाबू, शिव कुमार बिट्टू, आकाश सिंह, अनुपमा यादव, नेहा निष्ठा, खुशी कक्कड़, मोनिका, सोना सिंह, शिल्पी राघवाणी, अक्षरा सिंह, करीना पांडेय, हेमा पांडेय, मैथिली ठाकुर, अर्चना तिवारी और क्विन शालिनी का नाम शामिल है।
वही दुबई से भी बहुत सारे कलाकार आ रहे हैं। लदमा गांव में खास मेहमानों के लिए 6 हैलीपैड बनाया गया है। जैसे-जैसे जरूरत पड़ेगी वैसे-वैसे इसका विस्तार किया जाएगा। यूपी के बृजभूषण सिंह, सोनू सूद, राजा भईया, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई लोग हैलिकॉप्टर से आ रहे हैं। इनके लिए लदमा में ही हैलीपैड बनाया गया है, जहां इन मेहमानों का हेलिकॉप्टर उतरेगा। जहां से ये सभी अनंत सिंह की बिटिया की शादी में शामिल होंगे।
लदमा में करीब 30 बीघा जमीन पर शादी की तैयारी चल रही है। जिसमें 4 लाख मेहमानों के भोजन का प्रबंध किया गया है। काजू कतली और सिलाव के खाजा समेत 150 तरह के पारंपरिक और अन्य राज्यों के पकवान परोसे जाएंगे। 10 बीघे में मुख्य पंडाल और मंडप बनाया जा रहा है। जयमाल ईंट और सीमेंट से 30 फीट ऊंचा और 100 फीट लंबा विशेष मंच तैयार किया जा रहा है। सजावट के लिए विदेशी फूल मंगाए गए हैं। वही उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं।
वही 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से देश के नामी घोड़ों की घुड़दौड़ आयोजित की जाएगी, जिसके लिए बाहरी घोड़ों के ठहरने के लिए विशेष घुड़साल बनाया गया है। घुड़दौड़ में प्रथम विजेता को थार गाड़ी और सेकंड विनर को बाइक और थर्ड विनर को स्कूटी इनाम में दी जाएगी। शाम 5 बजे से कव्वाली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जिसमें बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार शामिल होंगे और अपनी प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे।





