Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच-27 पर मब्बी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी की बोलेरो को एक तेज़ रफ्तार हाइवा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण दुर्घटना में डीटीओ कार्यालय के प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ईएसआई) मुन्ना कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अजय कुमार और एक अन्य कर्मी रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो गाड़ी सड़क से लगभग 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी और पलट गई।
दोनों घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।मृतक मुन्ना कुमार समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के खोरी गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि दरभंगा डीटीओ की गाड़ी रिलायंस पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग में लगी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। दरभंगा के एमवीआई सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि टक्कर मारने वाले हाइवा वाहन की पहचान के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।





