Bihar Teacher News: बिहार में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सुपौल सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हरदी पूरब के वार्ड संख्या-3 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जीवछपुर बालक के एक शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक अजीत कुमार कक्षा के अंदर कुर्सी पर पैर रखकर सोते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर मासूम बच्चे कक्षा में इधर-उधर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और संबंधित शिक्षक की कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक अक्सर विद्यालय में इसी तरह समय बिताते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई खास सुधार नहीं हुआ। वायरल वीडियो में सोते नजर आ रहे शिक्षक की पहचान अजीत कुमार के रूप में बताई जा रही है।
बताया जाता है कि अजीत कुमार विशिष्ट शिक्षक हैं और मधेपुरा जिले के रहने वाले हैं। इस मामले ने न केवल संबंधित शिक्षक की कार्यशैली, बल्कि शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने बताया कि संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोरतम विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग की जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और संबंधित शिक्षक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल, इस वायरल वीडियो ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।



