Bihar News: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में शुक्रवार की अहले सुबह बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया। पटना STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में वांछित तीन अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए लोगों में हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड जेपी यादव, शूटर बबलू कुमार और सूरज उर्फ राजा शर्मा शामिल हैं। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि हत्या की साजिश रचने के आरोपी से लेकर वारदात को अंजाम देने वाले कथित शूटर तक पुलिस की कार्रवाई में मारे गए।
तीनों अपराधियों का नाम सामने आने के बाद उनके आपराधिक इतिहास को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इनके खिलाफ दर्ज कुल मामलों की आधिकारिक संख्या सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल पुराने मुकदमों और आपराधिक गतिविधियों का सत्यापन कराया जा रहा है।
इस पूरे मामले की शुरुआत 19 अक्टूबर को हुई थी। दुर्गा पूजा के दौरान महाअष्टमी की रात मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय संजीत कुमार अपने दालान में प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और दोनों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से संजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हमले में पिंटू कुमार भी घायल हुए थे।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो जेपी यादव का नाम कथित मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आया। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना बनाने में उसकी अहम भूमिका थी। वहीं बबलू कुमार पर शूटर के रूप में गोली चलाने का आरोप था। सूरज उर्फ राजा शर्मा भी इस वारदात में शामिल बताया गया। पुलिस की जांच में तीनों की भूमिका सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी मनेर के शेरपुर इलाके में गंगा नदी के किनारे मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पटना STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम अपराधियों तक पहुंची तो दूसरी तरफ से अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, अपराधियों ने पुलिस टीम पर 24 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब 18 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी बंद होने के बाद पुलिसकर्मी सावधानी से आगे बढ़े तो घटनास्थल पर तीन लोग घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और सूरज उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल से तीन हथियार बरामद किए हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस के सामने हत्याकांड से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की चुनौती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संजीत कुमार की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस साजिश में इन तीनों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही इनके पुराने आपराधिक मामलों और नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
मनेर के इस हत्याकांड में STF की कार्रवाई ने जांच को एक नए मोड़ पर पहुंचा दिया है। हालांकि, तीनों के आपराधिक इतिहास की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और आधिकारिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





