Bihar STET Exam: गोपालगंज के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सीटेट परीक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्र और अभ्यर्थी लगातार उनसे मुलाकात कर सीटेट परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि अगर सीटेट परीक्षा समय पर हो जाती है, तो उन्हें आगामी TRE - 4 परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। छात्रों और नौजवानों की इस मांग को देखते हुए सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि सीटेट परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू होने जा रही है। सरकार का प्रयास है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी हो और अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े। मंत्री के मुताबिक, स्टेट परीक्षा का रिजल्ट भी अक्टूबर महीने में जारी करने की तैयारी है।
दरअसल, बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक अभ्यर्थी स्टेट परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। अभ्यर्थियों की चिंता थी कि अगर स्टेट परीक्षा और उसका परिणाम समय पर जारी नहीं हुआ, तो वे TRE - 4 परीक्षा में शामिल होने के अवसर से वंचित हो सकते हैं। इसी को लेकर अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री से परीक्षा जल्द कराने की मांग की थी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों और नौजवानों की मांग को गंभीरता से लिया है। स्टेट परीक्षा की प्रक्रिया को इस तरह पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है कि अक्टूबर महीने तक रिजल्ट भी सामने आ जाए। इसके बाद स्टेट में सफल अभ्यर्थियों को टी-फोर परीक्षा में पात्रता के आधार पर शामिल होने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो, ताकि अभ्यर्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। छात्रों के भविष्य और रोजगार से जुड़े मामलों को सरकार प्राथमिकता के साथ देख रही है।
फिलहाल शिक्षा मंत्री के इस ऐलान के बाद स्टेट की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब 17 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने और अक्टूबर में रिजल्ट जारी होने की जानकारी के बाद अभ्यर्थी आगामी टी-फोर परीक्षा को लेकर अपनी तैयारी तेज कर सकेंगे।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज





