Bihar Road Accident: बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा गंजपर गांव के समीप उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से एकमा से मांझी की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से तेज गति में आ रही बोलेरो ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सीवान जिले के गोरियाकोठी निवासी 30 वर्षीय मोनू कुमार और 32 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में की गई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी जरूरी काम से मांझी की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वाहन के नंबर के आधार पर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गंजपर गांव के पास यह सड़क हादसों का नया ब्लैक स्पॉट बनती जा रही है। इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और नियमित जांच अभियान चलाया जाए।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 4 अप्रैल को भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एसआई ताज अहमद खान की जान चली गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।




