PATNA: मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के स्थगित होने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल खबर को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने फर्जी और भ्रामक बताया है। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि 17 जून 2026 को दोनों पालियों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थी किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें।
मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों पर नियुक्ति के लिए 17 जून को होने वाली लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। लेकिन सोशल मीडिया पर गलत और फर्जी सूचना प्रसारित की जा रही है कि 17 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित हो गयी है। इस भ्रामक खबर का केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने खंडन किया है।
यह कहा है कि सोशल मिडिया पर संदर्भित विज्ञापन के तहत दिनांक 17.06.2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के स्थगित होने के संबंध में भ्रामक, फर्जी एवं गलत सूचना प्रकाश में आयी है। सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि पर्षद द्वारा विज्ञापन संख्या 03/2025 के लिए दिनांक 17.06.2026 को आयोजित की जाने वाली दोनों पालियों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम / समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएगी।
यह भी कहा गया है कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश-पत्र पर दिए गए परीक्षा की तिथि एवं समय के अनुसार परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होंगे। अधिकृत सूचनाओं के लिए पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट को ही देखें। किसी भी माध्यम से असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। ऐसे तत्वों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि इस परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक उपस्थिति, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के बाएं हाथ के अंगूठे का बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। परीक्षा में कदाचार करते पकड़े जाने पर 6 महीने तक का कारावास, दो हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों दंड दिए जा सकते हैं।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के 500 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। साथ ही वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त किसी भी कर्मी को मोबाइल फोन लेकर केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष भी परीक्षा अवधि के दौरान सक्रिय रहेगा। किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





