बिहार के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के समय किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यालयों के संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के तहत अब स्कूल चलने के दौरान शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि शिक्षकों की पहली जिम्मेदारी बच्चों को पढ़ाना है और इसमें किसी भी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।
इतना ही नहीं, अगर किसी विद्यालय में कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है तो उसकी वजह से बच्चों की कक्षा खाली नहीं रहेगी। संबंधित शिक्षक की जगह उसी दिन दूसरे शिक्षक को जिम्मेदारी सौंपनी होगी। यानी अब शिक्षक की छुट्टी या अनुपस्थिति का असर बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए। शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापकों को इस पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने 23 नवंबर 2026 को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग का यह फैसला सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना समेत विभिन्न जिलों के विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के बाद लिया गया है।
पहली घंटी से ही शुरू होगी पढ़ाई, बीच में नहीं लगेगा ब्रेक
शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शैक्षणिक अनुशासन को लेकर स्पष्ट कर दिया है कि विद्यालय निर्धारित समय पर ही खुलने चाहिए। स्कूल पहुंचने के बाद प्रार्थना सभा भी तय समय पर आयोजित करनी होगी। इसके तुरंत बाद पहली घंटी बजते ही कक्षाओं में पढ़ाई शुरू हो जानी चाहिए।
विभाग की सबसे बड़ी शर्त है कि विद्यालय की कोई भी घंटी खाली नहीं जानी चाहिए। इसका मतलब है कि बच्चों को स्कूल आने के बाद हर पीरियड में पढ़ाई का अवसर मिलना चाहिए। किसी शिक्षक के नहीं पहुंचने या दूसरे विभागीय काम में व्यस्त रहने के कारण कक्षा में पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए।
दरअसल, स्कूलों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई जगह शिक्षण अवधि में ही शिक्षकों को बैठकों और अन्य विभागीय गतिविधियों में शामिल होने के लिए बुला लिया जाता है। इसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं, कुछ विद्यालयों में शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर उसकी जगह किसी दूसरे शिक्षक को कक्षा की जिम्मेदारी नहीं दी जाती थी। इससे बच्चों का पूरा पीरियड बर्बाद हो जाता था।
स्कूल टाइम में बैठक, ट्रेनिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नहीं
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यालय संचालन की अवधि में शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कार्यशालाओं में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि शिक्षण अवधि का इस्तेमाल केवल शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होना चाहिए।
अक्सर विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के कारण शिक्षकों को स्कूल से बाहर जाना पड़ता है। इसका सीधा असर कक्षाओं पर पड़ता है। कई बार एक साथ कई शिक्षक ऐसे कार्यक्रमों में शामिल हो जाते हैं, जिससे विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्था प्रभावित होती है।अब विभाग ने इस पर रोक लगाकर यह संदेश दिया है कि बच्चों की पढ़ाई से समझौता नहीं किया जा सकता। शिक्षकों को स्कूल में उपलब्ध रखकर नियमित रूप से पाठ्यक्रम पूरा कराने और कक्षाओं के संचालन पर जोर दिया जाएगा।
शिक्षक अनुपस्थित तो दूसरे शिक्षक को मिलेगी जिम्मेदारी
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की अनुपस्थिति से निपटने के लिए भी व्यवस्था तय कर दी है। अगर किसी दिन कोई शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचता है तो प्रधानाध्यापक को उसी दिन उसकी जगह वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी।इसके लिए विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा। इस रजिस्टर में शिक्षक की अनुपस्थिति और उसकी जगह किस दूसरे शिक्षक को संबंधित कक्षा की जिम्मेदारी दी गई, इसका पूरा विवरण दर्ज करना होगा।
इस व्यवस्था से यह पता चल सकेगा कि किसी शिक्षक के छुट्टी पर रहने या अनुपस्थित होने की स्थिति में विद्यालय प्रबंधन ने पढ़ाई जारी रखने के लिए क्या कदम उठाया। साथ ही निरीक्षण के दौरान अधिकारी इस रजिस्टर को देखकर वैकल्पिक व्यवस्था की जांच भी कर सकेंगे।
प्रधानाध्यापकों पर होगी बड़ी जिम्मेदारी
इस नए आदेश के बाद सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की जवाबदेही भी बढ़ गई है। उन्हें रोजाना शिक्षकों की उपस्थिति पर नजर रखनी होगी। सुबह विद्यालय खुलने से लेकर अंतिम घंटी तक कक्षाओं के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
प्रधानाध्यापक को यह देखना होगा कि कौन शिक्षक उपस्थित है, किसकी ड्यूटी किस कक्षा में है और किसी शिक्षक की अनुपस्थिति में कौन उसकी जगह पढ़ा रहा है। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी कक्षाएं चलें।
निरीक्षण में मिली कमियों के बाद शिक्षा विभाग सख्त
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने विभिन्न जिलों के विद्यालयों का भ्रमण करने के दौरान पढ़ाई से जुड़ी कई कमियों को महसूस किया था। सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना समेत कई जिलों के निरीक्षण में यह बात सामने आई कि शिक्षण अवधि का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है।कहीं शिक्षक बैठक और प्रशिक्षण में व्यस्त थे तो कहीं अनुपस्थित शिक्षक की जगह वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी। इन कमियों को देखते हुए विभाग ने अब विद्यालयों के संचालन को लेकर स्पष्ट नियम जारी किए हैं।
इस फैसले का मकसद सिर्फ शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि बच्चों को हर दिन निर्धारित समय तक नियमित पढ़ाई का माहौल उपलब्ध कराना है। अब देखना होगा कि जिला स्तर पर अधिकारी इन निर्देशों को कितनी गंभीरता से लागू कराते हैं और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में कितना सुधार आता है।





