Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी से पहले नदवां गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शाम 4 बजे तक होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब तीन दर्जन घोड़े हिस्सा लें रहे हैं। विजेता को महिंद्रा थार इनाम में दी जाएगी। मुंगेर सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है।
दरअसल, बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव नदवां में उत्सव जैसा माहौल है। शादी समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। गांव में शादी की रौनक के बीच कई खास आयोजन किए जा रहे हैं। इन्हीं में से एक है घुड़दौड़ प्रतियोगिता, जो शादी समारोह का मुख्य आकर्षण बनी हुई है।
शिवांगी सिंह की शादी से पहले अनंत सिंह की ओर से आज घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शुरू हो गई है, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ नदवां गांव पहुंचे हैं।
घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगा महिंद्रा थार
इस प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। घुड़दौड़ में प्रथम पुरस्कार के रूप में महिंद्रा थार दी जाएगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दूर-दराज से एक से बढ़कर एक घोड़े नदवां पहुंचे हैं। घोड़ों के नाम और उनकी सजावट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, घुड़दौड़ प्रतियोगिता में करीब तीन दर्जन घोड़ों के शामिल होने की संभावना है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने लगे हैं। स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी दर्शक घुड़दौड़ देखने के लिए जुट रहे हैं।
लाखों मेहमानों के स्वागत की तैयारी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर नदवां गांव में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लाखों मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल भोजन व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेहमानों की सुविधा के लिए हेलिपैड का निर्माण भी कराया गया है।
गांव में सुबह से देर रात तक तैयारियां जारी हैं। खुद अनंत सिंह और परिवार के अन्य सदस्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। शादी समारोह को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। घुड़दौड़ प्रतियोगिता और भव्य शादी की तैयारियों ने नदवां गांव को इन दिनों खास चर्चा में ला दिया है।





