Bihar Crime News: सारण के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में बुधवार को गुटका खरीदने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के बाद एक युवक ने राजा कुमार महतो पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से राजा गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घायल युवक की पहचान शिवजी महतो के पुत्र राजा कुमार महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के बाद राजा एक दुकान पर गुटका खरीदने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान एक युवक ने राजा कुमार महतो पर चाकू से हमला कर दिया.
चाकू से हमला किए जाने के बाद राजा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने राजा कुमार महतो को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मांझी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस चाकूबाजी की वजह और घटना में शामिल युवक की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है.
मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के साथ विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है.





