Bihar Cabinet Meeting: सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सचिवालय में चल रही कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई है। कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है। बैठक में डिप्टी सीएम समेत तमाम विभागों के मंत्री मौजूद रहे। राष्ट्रकवि दिनकर जी की जयंती पर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' जी की जयंती पर मंत्रिपरिषद ने रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय, बेगूसराय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है। विश्वविद्यालय की स्थापना के क्रम में पदाधिकारी एवं कर्मियों के वेतनादि के लिए ₹15 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रावधान किया गया है। दिनकर जी की साहित्यिक एवं राष्ट्रचेतना की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। वही माँ सीता महिला विश्वविद्यालय, पटना की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के वेतनादि के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
वही मुख्यमंत्री गो-धन विकास ऋण योजना से पशुपालकों को बैंक ऋण के ब्याज पर 100% सब्सिडी मिलेगी। इसके तहत लाभुकों को केवल मूलधन का भुगतान करना होगा। 3 उन्नत गाय या 2 भैंस के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, रोजगार और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी। इस योजना के लिए ₹1,600 करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी गयी है। जबकि वारिसलीगंज में नए चीनी मिल की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है। इससे ₹500 करोड़ से अधिक का निवेश होगा जिससे नवादा, नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों-हजार किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।





