ARRAH: भोजपुर जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव का है, जहां देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक के सीने में काफी करीब से गोली मारी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव निवासी धनंजय सिंह उर्फ संतोष सिंह के 22 वर्षीय पुत्र शत्रुघन कुमार के रूप में हुई है। वह बीए का छात्र था।
सीने में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, युवक नीमा गांव में था, तभी हथियारबंद बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। अपराधियों ने उसके सीने के बीचों-बीच गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद नीमा गांव सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।





