Job Fraud Case: बिहार के भोजपुर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लड़कियों को बुलाकर जबरन आर्केस्ट्रा में काम कराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत गुरुवार को धोबहा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इस धंधे का खुलासा किया. इस दौरान बंधक बनाकर रखी गईं 10 लड़कियों को मुक्त कराया गया है. इनमें नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं. पुलिस ने मौके से दो महिला संचालकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई लड़कियां बिहार के भोजपुर, रोहतास और बक्सर के अलावा छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं. इन सभी को रोजगार दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया था. लेकिन यहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन आर्केस्ट्रा में नर्तकी का काम कराया जाने लगा. विरोध करने पर उन्हें बंधक बनाकर रखा जाता था.
बगीचे में चल रहा था लड़कियों को बंधक बनाने का खेल
मामले का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि धोबहा थाना क्षेत्र के बगीचा इलाके में कई बालिग और नाबालिग लड़कियों को जबरन नृत्य का काम कराने के लिए बंधक बनाकर रखा गया है. सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश के निर्देश पर ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत विशेष टीम गठित की गई.
सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में महिला पुलिसकर्मियों के साथ धोबहा थानाध्यक्ष और दारोगा जूली कुमारी भी शामिल थीं. पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और मौके से एक नाबालिग समेत 10 लड़कियों को मुक्त कराया.
दो महिला संचालकों समेत पांच गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो महिला संचालकों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में धोबहा थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा गांव और चौरी थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव के निवासी शामिल हैं. इसके अलावा बबुरा थाना क्षेत्र के गोवर्धन चौक निवासी सतीश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. दोनों महिला संचालक पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं.
पूछताछ के दौरान मुक्त कराई गई लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा देकर यहां बुलाया गया था. लेकिन काम देने के बजाय उनसे जबरन आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जाने लगा. पिछले कुछ दिनों से उन्हें अपनी मर्जी से कहीं आने-जाने भी नहीं दिया जा रहा था.
पहले भी 12 लड़कियों को कराया गया था मुक्त
भोजपुर के इसी इलाके में 11 अक्टूबर को भी पुलिस ने छापेमारी कर 12 बालिग और नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया था. उस कार्रवाई में दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बावजूद इलाके में इस तरह का धंधा जारी था.
फिलहाल पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मुक्त कराई गई लड़कियों के पुनर्वास को लेकर भी जरूरी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि वे दोबारा ऐसे गिरोह के चंगुल में न फंसें.




