Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के वीरपुर प्रखंड में जनसमस्याओं को लेकर विरोध का अनोखा अंदाज एक बार फिर सुर्खियों में है। कुछ दिनों पहले पर्रा-सरौंजा सड़क की बदहाली को लेकर सड़क के गड्ढों का नाम सांसद, विधायक और पथ निर्माण मंत्री के नाम पर रखने वाले ग्रामीणों ने अब वीरपुर बाजार में वर्षों से कायम जलजमाव की समस्या को लेकर नया तरीका अपनाया है। इस बार ग्रामीणों ने जलजमाव वाले स्थल को ही ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ का नाम दे दिया है।
हैरानी की बात यह रही कि ग्रामीणों ने केवल नामकरण तक ही विरोध सीमित नहीं रखा, बल्कि सांसद गिरिराज सिंह और स्थानीय विधायक कुंदन कुमार की तस्वीरों के साथ बाकायदा नेम प्लेट तैयार कराकर उसकी फ्रेमिंग भी कराई। इसके बाद जलजमाव वाले स्थल पर दर्जनों स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नेम प्लेट का अनावरण किया गया। फीता काटकर और नारियल फोड़कर कथित ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ का उद्घाटन भी कर दिया गया। इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान वर्षों पुरानी समस्या की ओर आकर्षित करने की कोशिश की।
दरअसल, वीरपुर बाजार से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को जोड़ने वाली सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और राहगीरों को प्रतिदिन इस परेशानी से गुजरना पड़ता है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि जलजमाव वाले इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में लोगों को आवागमन के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने और सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान पर्रा निवासी ऋषभ कुमार ने कहा कि वीरपुर बाजार आने-जाने वाले लोगों को रोजाना इसी जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है। इस समस्या को लेकर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक इसका निदान नहीं हुआ। इसी वजह से लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया है।
स्थानीय ग्रामीण संजीव सिंह ने बताया कि कई वर्षों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार स्थानीय प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व नजदीक है। ऐसे में श्रद्धालु बलान नदी में अर्घ्य देने के लिए इसी रास्ते से कैसे जाएंगे? गंदे पानी से होकर भगवान भास्कर को दंडवत करने और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने में लोगों को कितनी परेशानी होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय हिंदू और हिंदुत्व की बात की जाती है, लेकिन स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था और रोजमर्रा की समस्याओं पर ध्यान कब दिया जाएगा?
वहीं, जगदर निवासी धर्मराज सहनी ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सिर्फ हिंदू-हिंदू कहकर वोट मांगा जाता है, लेकिन जब हिंदुओं की वास्तविक समस्याओं के समाधान की बात आती है तो जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं देते। ग्रामीणों ने बताया कि पवित्र सावन महीने में सिमरिया धाम से गंगाजल लेकर बाबा हरिगिरि धाम जाने वाले कांवरियों को भी इसी गंदे और मल-मूत्र युक्त पानी से होकर गुजरना पड़ा था। कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी रास्ते से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब छठ महापर्व के अवसर पर भी श्रद्धालुओं को इसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पड़ोसी गांव के ग्रामीण विपिन पासवान ने कहा कि जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। यदि जल्द इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मामले में सदर एसडीएम अश्विनी कुमार से प्रतिक्रिया लेने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में उनकी ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा।
गौरतलब है कि बीते 31 अक्टूबर को भी वीरपुर प्रखंड में पर्रा-सरौंजा सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया था। उस दौरान सड़क पर बने गड्ढों का नाम स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार और पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के नाम पर रख दिया गया था। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। विरोध का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं।
मामला अखबारों और टीवी चैनलों में प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया था। सदर एसडीएम अश्विनी कुमार के नेतृत्व में बीडीओ और सीओ समेत अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया था। इसके बाद संबंधित सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया और सड़क की मरम्मत कराकर तत्काल समस्या का समाधान किया गया था।
अब एक बार फिर वीरपुर बाजार में जलजमाव को लेकर सांसद और विधायक के नाम पर ‘वाटर पार्क’ का नामकरण, तस्वीरों वाली नेम प्लेट का अनावरण और फीता काटकर उद्घाटन किया जाना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस सांकेतिक प्रदर्शन में दीपक साह, सौरभ कुमार, नीरज, सूरज, अभिषेक, ऋतिक, दिलखुश, अंकुश, मिथिलेश समेत दर्जनों ग्रामीण और दुकानदार मौजूद रहे।
बहरहाल, ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के लिए एक सवाल खड़ा कर रहा है कि जब सड़क के गड्ढों के नामकरण के बाद मरम्मत हो सकती है, तो क्या अब ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ के नामकरण के बाद वीरपुर बाजार को वर्षों पुराने जलजमाव से स्थायी मुक्ति मिल पाएगी?





