BEGUSARAI: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार तस्करी के लिए सरकारी पहचान का सहारा लेने का मामला सामने आया है। बेगूसराय में पुलिस ने एक ऐसी स्कॉर्पियो को पकड़ा है,
जिसके आगे बिहार सरकार के साथ ‘DCLR BAKHRI’ लिखा हुआ था, जबकि पीछे ‘जिला प्रशासन’ का बोर्ड लगा था। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 25 कार्टन में रखी कुल 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में चालक समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
सरकारी पदनाम और जिला प्रशासन का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से शराब की बरामदगी के बाद मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया है। आखिर सरकारी पहचान दर्शाने वाले बोर्ड का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इसके जरिए कब से शराब की ढुलाई की जा रही थी, पुलिस अब इसकी पड़ताल में जुटी है।
घटना लोहियानगर थाना क्षेत्र के पन्हास चौक की है। बेगूसराय पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति एवं सदर एसडीपीओ-1 प्रशांत कुमार की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा से शराब की खेप लेकर आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी मनीष के निर्देश पर लोहियानगर थाना पुलिस और DIU की संयुक्त टीम ने पन्हास चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से 25 कार्टन में रखी 216 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सरकारी पहचान वाले बोर्ड ने खड़े किए कई सवाल
इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाली बात स्कॉर्पियो पर लगे बोर्ड हैं। वाहन के आगे बिहार सरकार के साथ ‘DCLR BAKHRI’ लिखा हुआ था, जबकि पीछे ‘जिला प्रशासन’ का बोर्ड लगा था। बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR09PA2905 है। सरकारी पदनाम और प्रशासनिक पहचान का इस्तेमाल कर शराब की ढुलाई किए जाने की आशंका ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन पर ये बोर्ड किसने लगाए थे और इनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जा रहा था।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं गिरफ्तार तीनों आरोपी
पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जिनेदपुर निवासी प्रयाग सिंह के पुत्र आनंद कुमार तथा सिकंदरपुर रजौड़ा निवासी शिवशंकर राय के पुत्र सत्यम कुमार और प्रवीण राय के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। तीनों को शराब लदी स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया गया है।
बाहर से लाई जा रही थी शराब की खेप, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
सदर एसडीपीओ-1 प्रशांत कुमार ने बताया कि डीआईजी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को पकड़ा। वाहन से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि वाहन बाहर से आ रहा था और गिरफ्तार तीनों आरोपी बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत, उसकी संभावित सप्लाई और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही स्कॉर्पियो के वास्तविक मालिक और उस पर सरकारी पहचान दर्शाने वाले बोर्ड लगाए जाने के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है।
सरकारी पहचान दर्शाने वाले बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होना पुलिस के लिए भी जांच का अहम विषय बन गया है। अब देखना होगा कि पूछताछ और आगे की जांच में शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को लेकर क्या खुलासे सामने आते हैं।





