PATNA: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 13 जुलाई को भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन दाखिल किया था। दोनों दलों के नेताओं और समर्थकों ने रोड शो करते हुए पटना समाहरणालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
नामांकन के बाद सोमवार देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठक की। इसके बाद मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बांकीपुर की जनता से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
"बांकीपुर मेरा क्षेत्र रहा है"
नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और यहां की जनता से उनका वर्षों पुराना पारिवारिक और भावनात्मक रिश्ता है। उन्होंने कहा, "बांकीपुर की जनता चाहती थी कि मैं उनके बीच आऊं। एक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरी जिम्मेदारी थी कि मैं लोगों से मिलूं, इसलिए मैं सोमवार शाम पटना आया।"
"भाजपा ने एक समर्पित कार्यकर्ता को मौका दिया"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा, "मैंने करीब 20 वर्षों तक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया है। भाजपा ने एक छोटे से कार्यकर्ता को अवसर दिया है और मुझे विश्वास है कि जनता उनका समर्थन करेगी।"
नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मांगा समर्थन
नितिन नवीन ने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा ऐसे परिवार से आते हैं, जिसके सदस्य जनसंघ के समय से भाजपा की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिवार लंबे समय से संगठन के लिए काम करता रहा है।
उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील करते हुए कहा, "जिस तरह आपने मुझे वर्षों तक अपना आशीर्वाद और समर्थन दिया, उसी तरह मेरे छोटे भाई नीरज कुमार सिन्हा को भी अपना आशीर्वाद दें। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता उन्हें विजयी बनाएगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बांकीपुर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान कराया है और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है।
बांकीपुर उपचुनाव पर नितिन नवीन: "बांकीपुर मेरा क्षेत्र रहा है। यहां की जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी जवाबदेही है, इसलिए उनके बीच आया हूं। भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है और मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का स्नेह व कार्यकर्ताओं की मेहनत जीत दिलाएगी।"… pic.twitter.com/alL6cG6swE
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) July 14, 2026





