Patna Road Accident: बख्तियारपुर-पटना फोरलेन पर माधोपुर गांव के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 से 13 मजदूरों के घायल होने की सूचना है। सभी मजदूर काम करने के लिए हाजीपुर जा रहे थे।
मृतक की पहचान मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा और कन्हाईपुर गांव के रहने वाले मजदूरों में से मल्लिक राय के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बख्तियारपुर में भर्ती कराया। इनमें से दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।
एक घायल ने बताया कि वे सभी रेलवे में काम करने के लिए जा रहे थे। पिकअप के डाले में करीब 20 से 25 मजदूर सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी सड़क पर तीन बार पलटी, जिससे कई मजदूर घायल हो गए।
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 12 से 13 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





