Road Accident in Ambedkar Nagar: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास दिल्ली से दरभंगा जा रही एक एसी बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक और घायल सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
ओवरटेक के दौरान ट्रेलर से टकराई बस
पुलिस के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब दिल्ली से दरभंगा जा रही बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई, जिससे उस तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की तस्वीरें देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि दूसरा हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा। माना जा रहा है कि इसी वजह से बस के दूसरी ओर बैठे कई यात्री सुरक्षित बच गए।
चार यात्रियों की मौत, एक की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सचिन कुमार बिहार के रहने वाले थे। वहीं, तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन यात्री गंभीर रूप से घायल
हादसे में घायल तीन यात्रियों की पहचान हो चुकी है। इनमें सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं। तीनों दरभंगा, बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हादसे की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी ने बताया कि दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही मृतकों की पहचान और दुर्घटना के बाद की कानूनी कार्रवाई पूरी करने में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





