ARARIA: अररिया जिले में शगुन ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी की घटना का अररिया पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीते 18 नवंबर की रात अपराधियों ने शगुन ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया था। शातिर चोरों ने गैस कटर की मदद से दुकान का शटर काटा और अंदर रखे लाखों रुपये के आभूषण एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस के सामने इस चोरीकांड का खुलासा करना बड़ी चुनौती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में आरोपियों के छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने जैसे दिखने वाले मंगलसूत्र, लॉकेट, कंगन और चूड़ियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को भी बरामद किया है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
हालांकि, इस पूरे चोरीकांड में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी किए गए शेष सामान की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल, अररिया पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय चोर गिरोह को बड़ा झटका लगा है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के सहारे पुलिस ने मालदा तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अररिया पुलिस की इस सफलता को शगुन ज्वेलर्स चोरीकांड के उद्भेदन की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।





