Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। लोजपा (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने राजद नेता और महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह 18 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


शांभवी चौधरी ने कहा कि सपने देखना अच्छी बात है, लेकिन सीएम बनने का सपना न देखें, क्योंकि बिहार की जनता ने अगले पांच साल के लिए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है और वोट देकर उसे पूरा किया है।


पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान शांभवी चौधरी ने कहा कि अब चुनाव परिणाम आने में बहुत कम समय रह गया है। मेरे साथ पूरा देश देखेगा कि 14 नवंबर को कौन सरकार बनाएगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


नीतीश कुमार के समर्थन में लगाए गए ‘टाइगर जिंदा है’ पोस्टर पर शांभवी चौधरी ने कहा कि यह जदयू कार्यकर्ताओं की भावना है, लेकिन एक बात साफ है कि नीतीश कुमार बिहार की जनता के दिलों में आज भी जिंदा हैं। वे 2005 जितने ही मजबूत आज भी हैं और पूरे समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं अब सुरक्षित महसूस करती हैं, और उन्हें राजनीति में जो प्रतिनिधित्व मिला है, वह बदलते बिहार की तस्वीर को दर्शाता है।


एनडीए की मजबूती पर बोलते हुए शांभवी ने कहा कि अब बिहार में बूथ लूट नहीं होते, अब वोट से चुनाव जीते जाते हैं। रैली कौन कितनी करता है, इससे फर्क नहीं पड़ता। तेजस्वी यादव सिर्फ चुनाव के वक्त ही दिखाई देते हैं, जबकि एनडीए के नेता पीएम मोदी, नीतीश कुमार और चिराग पासवान सालभर जनता के बीच काम करते हैं।