PATNA: विधायक अनंत सिंह को निपटाने में जी जान से लगी नीतीश कुमार की पुलिस ने बेहद संगीन मामले के आरोपी राजद विधायक अरूण यादव को खुला छोड़ दिया है. RJD के विधायक अरूण यादव पर 12 साल की दलित लड़की के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप है. अनंत सिंह को निपटाने में लगी बिहार पुलिस ने इस बहुचर्चित सेक्स रैकेट की फाइल को दबा दिया है. राजद के इसी विधायक पर AK-47 समेत दूसरे घातक हथियार बेचने का भी बड़ा आरोप लग चुका है.
https://youtu.be/AHAxhdkZYXk
RJD विधायक पर गंभीर आरोप
एक महीने हुए जब आरा में सेक्स रैकेट का उद्भेदन हुआ था. 12 साल की एक दलित छात्रा को अगवा कर उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था. लड़की किसी तरह भाग कर पुलिस के पास पहुंची और अपनी कहानी सुनायी. पुलिस ने इसके बाद लड़की से देह व्यापार करा रही महिला अनिता देवी को धर दबोचा. अनिता देवी ने पुलिस के समक्ष अपने इकबालिया बयान में कहा कि लड़की को पटना में सचिवालय के पास 28 नंबर के सरकारी बंगले में भेजा गया था. बंगले में पूरी रात लड़की का यौन शोषण हुआ और इसके एवज में उसे 6 हजार रूपये मिले थे. 28 नंबर का ये सरकारी बंगला राजद के विधायक अरूण यादव का है.
अरूण यादव पर सरकार मेहरबान
नाबालिग दलित लड़की से देह व्यापार कराने वाली महिला ने अरूण यादव के साथ-साथ एक इंजीनियर के घर भी लड़की को भेजने की बात कही थी. पुलिस ने इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन अरूण यादव को खुला छोड़ दिया. पुलिस सूत्र बताते हैं इस बहुचर्चित सेक्स रैकेट में निर्देश ऊपर से आ रहे थे. उपर से जितना निर्देश मिला, उतनी कार्रवाई हुई. अब आलम ये है कि आरा पुलिस इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं.
RJD विधायक पर AK-47 की खरीद बिक्री का भी लग चुका है आरोप
राजद के विधायक अरूण यादव पर AK-47 समेत दूसरे घातक हथियारों के खऱीद बिक्री का भी आरोप लग चुका है. दो साल पहले पटना पुलिस ने मोस्ट वांटेड अपराधी रंजीत चौधरी को गिरफ्तार किया था. रंजीत चौधरी ने पुलिस के समक्ष दिये गये बयान में कहा था कि विधायक अरूण यादव हथियारों का सप्लाई करते हैं. विधायक ने ही उसे AK-47 समेत दूसरे विदेशी हथियार उपलब्ध कराया था. इन्हीं हथियारों से उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया था.
दब जा रहा है हर आरोप
नाबालिग दलित लड़की के यौन उत्पीड़न का मामला हो या AK-47 के सप्लाई का आरोप, अरूण यादव के खिलाफ हर मामला पुलिस फाइल में ही दब जा रहा है. AK-47 के ही मामले में पुलिस अनंत सिंह के खिलाफ आतंकवाद निरोधक कानून (UAPA) लगा चुकी है. ऐसे में सरकार और पुलिस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
विधायक ने आरोपों को गलत बताया
उधर विधायक अरूण यादव ने आरोपों को गलत करार दिया है. अरूण यादव के मुताबिक पटना स्थित सरकारी फ्लैट पर वे खुद नहीं रहते बल्कि उनके कर्मचारी रहते हैं. विधायक ने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश की जा रही है.