BIHAR CRIME : बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। राज्य के अंदर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जिस दिन हत्या, लूट, छिनतई और गोलीबारी की घटना को अंजाम नहीं दिया जाता हो। इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला राजधानी पटना से निकलकर सामने आया है।जहां एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के गौरीचक इलाके में बेखौफ अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल कायम हो गया है।
बताया जा रहा है कि, इस महिला का शव खैरा गांव पास खून से लथपथ बरामद किया गया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं, ग्रामीण द्वारिका पासवान ने बताया कि सुबह के समय खेत की ओर निकले थे। इस दौरान खेत में डेड बॉडी पर नजर पड़ी। कनपटी में सटाकर गोली मारी गई है। शरीर पर गहने मौजूद थे। लूट के इरादे से वारदात को अंजाम नहीं दिया गया है। हत्या किस इरादे से की गई है, ये पुलिस जांच का विषय है।
इधर, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। गौरीचक थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्डर के एंगल से जांच की जा रही है।