Bihar News: गया जिले के रसुना गांव में घरेलू विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। भाभी से झगड़े के बाद महिला बिजली के खंभे पर चढ़ गई। समय रहते बिजली सप्लाई काटी गई और महिला की जान बचाई जा सकी। इस दौरान गांव में घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला।
दरअसल, बिहार के गया जी में फतेहपुर थाना क्षेत्र के रसुना गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने आत्महत्या की कोशिश की। पति की मौत के बाद मायके में रह रही महिला का अक्सर अपनी भाभी से झगड़ा होता रहता था। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच का विवाद काफी पुराना था।
शुक्रवार को झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर महिला बिजली के खंभे पर चढ़ गई, जिसमें करंट सप्लाई चालू थी। उसने आत्महत्या की धमकी दी, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली सप्लाई रोकी गई।
बिजली कटने के बाद महिला को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया, लेकिन इस दौरान वह बेहोश हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।