IPL 2026: आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तूफान मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ घरेलू या लीग क्रिकेट तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि उनके इंटरनेशनल डेब्यू की चर्चा तेज हो चुकी है। महज 15 साल की उम्र में जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने चयनकर्ताओं से लेकर दिग्गजों तक का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
आईपीएल के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए वैभव लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हर मैच में उनका बल्ला बोल रहा है और वे बड़ी-बड़ी टीमों के खिलाफ बिना किसी डर के खेलते नजर आ रहे हैं। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इस पारी ने उन्हें रातोंरात चर्चा के केंद्र में ला दिया।
चयनकर्ताओं की नजर में चढ़े वैभव
वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन सिर्फ दर्शकों को ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के चयनकर्ताओं को भी प्रभावित कर रहा है। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर की नजरें अब इस युवा खिलाड़ी पर टिकी हुई हैं। भारत का अगला टी20 मुकाबला आयरलैंड के खिलाफ 26 जून को होना है, ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि वैभव को इस सीरीज में मौका मिल सकता है।
अगर ऐसा होता है तो वैभव भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं और यहां वे महान बल्लेबाज Sachin Tendulkar का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
आईपीएल में गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
वैभव का खेल सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह बड़े-बड़े गेंदबाजों पर हावी होते नजर आ रहे हैं। आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने Bhuvneshwar Kumar, Josh Hazlewood और Krunal Pandya जैसे अनुभवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उन्होंने Jasprit Bumrah की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। उनकी बल्लेबाजी में जो निडरता दिख रही है, वही उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
अंडर-19 से आईपीएल तक का सफर
वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही अंडर-19 स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया था। अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में उन्होंने 175 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। इस पारी ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बना दिया।
आईपीएल 2026 में अब तक वे 4 मैचों में करीब 200 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप भी उनके सिर पर सजी हुई है। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन क्रिकेट जगत के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं है।
रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर
मार्च 2026 में 15 साल के हो चुके वैभव अब सीनियर टीम के लिए खेलने के पात्र हो गए हैं। जिस तरह से वे लगातार रन बना रहे हैं, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका इंटरनेशनल डेब्यू अब ज्यादा दूर नहीं है।





