1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 06, 2026, 4:23:42 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (JDU) में संगठनात्मक चुनाव के तहत वैशाली जिले के महनार से विधायक उमेश सिंह कुशवाहा तीसरी बार बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने। कुशवाहा ने शुक्रवार को इस पद के लिए नामांकन किया और किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन न आने के कारण उन्हें निर्विरोध चुना गया। शाम 4 बजे इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई।
उमेश सिंह कुशवाहा पिछले पांच वर्षों से JDU की कमान संभाल रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं। पहली बार उन्हें 2021 में जदयू प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, जब उन्होंने वशिष्ठ नारायण सिंह का स्थान लिया। तब से वे लगातार इस पद पर चुने जा रहे हैं।
नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की राजनीति का मुख्य आधार 'लव-कुश' वोट बैंक है, जिसमें कुर्मी-कोइरी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोइरी समाज से आने वाले उमेश कुशवाहा इस समीकरण के 'कुश' पक्ष को मजबूती देते हैं। वे जदयू संगठन की सबसे मजबूत कड़ी माने जाते हैं और पार्टी की जमीनी राजनीति को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा जैसे बड़े कोइरी नेताओं के पार्टी छोड़ने के बावजूद उमेश कुशवाहा नीतीश कुमार के साथ मजबूती से खड़े रहे। यही कारण था कि उन्हें 2021 में प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और अब तीसरी बार इस पद पर नियुक्त किया गया।
उमेश कुशवाहा ने महनार विधानसभा सीट से 2015 और 2025 में जीत हासिल की है, जबकि 2020 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद नीतीश कुमार ने उन्हें जदयू प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी। वर्तमान में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद बिहार में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं, और कुशवाहा का पुन: प्रदेश अध्यक्ष बनना रणनीतिक महत्व रखता है।