PATNA: भाजपा के सामने लालू जी कभी नहीं झूके लेकिन नीतीश चाचा को झूकना पड़ गया। तेजस्वी यादव ने पटना के बापू सभागार में आयोजित पान महासम्मेलन में यह बातें कही। रविवार को आयोजित इस महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार विधानसभा के विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ मंच पर मदन मोहन झा और आईपी गुप्ता सहित कई नेता मौजूद रहे।
दरअसल सहरसा के विधायक और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP)के अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने पान महासम्मेलन में शामिल होने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निमंत्रण भेजा था लेकिन राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। जिसके लिए कांग्रेस नेता मदन मोहन झा ने माफी मांगते हुए कहा कि किसी काम में व्यस्तता के चलते राहुल गांधी पटना नहीं आए पाए हैं। इसके लिए खेद प्रकट करता हूं। वही राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को आरक्षण नहीं मिलेगा तब तक उन्हें मुख्य धारा में लाना मुश्किल होगा।
पहले घोड़ी पर भी गरीबों को बैठने नहीं दिया जाता था। तब लालू प्रसाद यादव ने बोलने का हिम्मत दिया। तावा पर एक साइड जल रहे रोटी को लालू जी ने पलट दिया। जिसके बाद परिस्थियां काफी बदली है, अब 90 के दशक से पहले वाली बात नहीं है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि यदि पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलितों के साथ परेशानी हुई तो हम उनके साथ खड़े रहेंगे। तेजस्वी ने आगे कहा कि बीजेपी आरक्षण विरोधी पार्टी है। ये भाजपा वाले लोग पिछड़ों की पार्टी को देखना नहीं चाहते हैं।
तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को 10-10 हजार रुपये बांटकर चुनाव तो जीत गये अब चुनाव जीतने के बाद 2-2 लाख रुपये का दावा किये थे, तो काहे नहीं महिलाओं को दो-दो लाख रुपये दिया जा रहा है। बिजली भी मुफ्त में देने का वादा किया गया था, वो भी फेल हो गया है, अब बिजली का रेट भी बढ़ा दिया गया है। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर तेजस्वी ने कहा कि इसे लेकर मुख्यमंत्री आवास में लगातार बैठकें हो रही है। कौन मुख्यमंत्री बनेगा और कैसे बनेगा? यह बस एक-दो लोगों को तय करना है। ये दोनों लोग जो चाहेंगे वही होगा। अभी बिहार सरकार दिल्ली से चल रही है।
तेजस्वी ने कहा कि जो कोई भी अगला सीएम बनेगा उसको बिहार की जनता का मैंडेट थोड़े ही है। जो दिल्ली दो लोग तय करेंगे वही होगा। दिल्ली से ही यह तय हुआ था कि नीतीश कुमार को हटाया जाए तो नीतीश कुमार हट गये वो मुख्यमंत्री पद को छोड़कर दिल्ली शिफ्ट हो गये। दिल्ली में राज्यसभा सांसद बन गये हैं। जब से सरकार बनी है, सरकार ही फिर से जनता बनवा रही है। दो महीने से कैबिनेट की बैठक नहीं हुई। बिहार में खजाना खाली हो गया है। बिहार काफी पीछे चला गया है।
मुख्यमंत्री अब कौन बने ना बने इन सब बातों से जनता को कोई मतलब नहीं है। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को मैंडेट दिया था लेकिन बीजेपी वालों ने उन्हें दिल्ली भेज दिया और खुद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने जा रहे हैं। नीतीश कुमार चाहते थे कि मुख्यमंत्री वही रहे, लेकिन अब उनके चाहने से कुछ भी नहीं होगा। लेकिन जिस प्रकार से भाजपा ने उनके साथ किया उनको मालूम था पहले से नीतीश को पद से भाजपा हटा रही है।

