DARBHANGA: बिहार के दरभंगा जिले में पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। कुलगाम आतंकी हमले और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये। सुप्रिया श्रीनेत का पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। कहा कि "देश से माफी मांगिए। श्रीनेत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के हालिया वीडियो में उनका डर, घबराहट और बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है।
दरभंगा पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा जैसे मामलों पर प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए, न कि देश को माफ करने की बात करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के सवालों से बच रही है। श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री मंच से कांग्रेस और उसके नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं, जबकि अपनी पार्टी के नेताओं की भाषा पर चुप रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई नेता महिलाओं के खिलाफ अभद्र बयान देते हैं और उन्हें संरक्षण मिलता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में 75 वर्ष की आयु के बाद संन्यास की परंपरा का उल्लेख किया जाता है। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि रात 12 बजे रील बनवाने और टेलीप्रॉम्प्टर से भाषण पढ़ने से देश का युवा प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि Gen Z प्रधानमंत्री से सिर्फ यह पूछ रहा है कि पेपर लीक क्यों हुआ, लेकिन जवाब देने के बजाय प्रधानमंत्री "देश को माफ करने" की बात कर रहे हैं। श्रीनेत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के हालिया वीडियो में उनका डर, घबराहट और बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है।
बिहार के दरभंगा पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के जवानों और नागरिकों की शहादत बेहद दुखद और निंदनीय है तथा सरकार आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल है। जो लोग दावा करते थे कि आतंकवाद पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, उनके दावे अब खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद भी हालात नहीं सुधरे और कुलगाम में फिर आतंकी हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के खिलाफ सरकार को अधिक सख्त कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने अमेरिका के रुख का भी जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमित शाह देश के सबसे असफल गृह मंत्री साबित हुए हैं। मणिपुर लंबे समय से हिंसा की आग में जल रहा है, छात्रों पर लाठीचार्ज और पेललेट गन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति की आंख चली गई है और एक बच्ची वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लगातार आतंकी घटनाएं हो रही हैं और केंद्र सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है। सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल किया कि आखिर सरकार की जवाबदेही कहां है और जनता को सुरक्षा देने के उसके दावे क्यों विफल हो रहे हैं।





