Bihar Politics: बेतिया के लौरिया से बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बाढ़ पीड़ितो के सरकार के स्तर पर उचित मुआवजा नहीं मिलने से नाराज बीजेपी विधायक ने धरना पर बैठने का ऐलान कर दिया है। विनय बिहारी मंगलवार को अपनी मांगों के समर्थन में कलेक्ट्रेट के सामने धरना देंगे।
बीजेपी विधायक ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दिलाने के लिए वह चार बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिल चुके हैं जबकि आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री से भी दो बार मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक को वह हालात की जानकारी दे चुके हैं और समस्या से अवगत करा चुके हैं लेकिन बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता के नाम पर अब तक सिर्फ पॉलिथीन शीट ही नसीब हो चुकी है।
विधायक विनय बिहारी ने कहा कि गंडक के कटाव और बाढ़ के कहर से योगापट्टी प्रखंड की एक दर्जन पंचायतों के करीब 30 गांव के लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं। वहीं सिसवा और मंगलपुर के 50 से अधिक घर नदी में समा चुके हैं। जिस हिसाब से लोगों को मदद मिलनी चाहिए, उस तरह से नहीं मिल रही है।
इसके अलावा कई पंचायतों के गांव के लोग कटाव का दंश झेल रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने के बावजूद जिला प्रशासन इस इलाके को बाढ़ प्रभावित मानने को तैयार नहीं है। विधायक ने कहा कि वह डीएम से बात करेंगे, अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना पर बैठेंगे।





