Bihar Politics: बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि यह पार्टी का निर्णय है और पार्टी के निर्देश पर उन्होंने सभापति पद से इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे के बाद जेडीयू कोटे से उपसभापति रामवचन राय को विधान परिषद का कार्यकारी सभापति बनाया गया है।
अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि भाजपा ने उन्हें हमेशा सम्मान दिया है। पार्टी ने जब भी उन्हें जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने उसका निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी का निर्णय सामने आया है और सभापति का पद जेडीयू को दिया जा रहा है, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद के सभी सदस्यों के साथ उनकी शुभकामनाएं हमेशा रहेंगी। उनका प्रयास रहा कि सदन में सभी दलों को साथ लेकर चलें। उन्होंने कहा कि सदन में कभी-कभी कुछ घटनाएं हो जाती हैं और यह लोकतंत्र का हिस्सा है।
अवधेश नारायण सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार के सहयोग और एहसान को जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी भविष्य में जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसका निर्वहन करेंगे।
अवधेश नारायण सिंह के इस्तीफे के बाद बिहार विधान परिषद के उपसभापति रामवचन राय ने कार्यकारी सभापति का प्रभार संभाल लिया। प्रभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल यह जिम्मेदारी मिली है और आगे पार्टी इस संबंध में निर्णय लेगी।
रामवचन राय ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका वह पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जो भी आदेश मिलेगा, उसके अनुसार वह काम करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यकारी सभापति के तौर पर वह सदन की कार्यवाही को जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना





