Hindi News / news / सरकार ने विपक्षी दलों को भेजा बुलावा, जातीय जनगणना पर होनी है सर्वदलीय...

सरकार ने विपक्षी दलों को भेजा बुलावा, जातीय जनगणना पर होनी है सर्वदलीय बैठक

1st Bihar Published by: Updated May 29, 2022, 1:12:24 PM

सरकार ने विपक्षी दलों को भेजा बुलावा, जातीय जनगणना पर होनी है सर्वदलीय बैठक

- फ़ोटो

PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की अध्यक्षता में 1 जून को सर्वदलीय बैठक होगी. इस बैठक में राज्य स्तर पर जातीय जनगणना कराने के तौर-तरीकों पर चर्चा होगी.  संसदीय कार्य मंत्री, विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जाति आधारित जनगणना कराने के विषय पर विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक हेतु पत्र लिखा है.


मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पत्र में लिखा है, बिहार विधान सभा द्वारा दो बार पारित सर्वसम्मत प्रस्ताव के आधार पर राज्य सरकार द्वारा जनगणना 2021 को जातिगत आधार पर कराने की सिफारिश केन्द्र सरकार को भेजी गई थी परन्तु केन्द्र सरकार द्वारा असमर्थता जताने पर मुख्यमंत्री ने बिहार में इसे राज्य सरकार के द्वारा ही कराने हेतु विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक बुलाने की घोषणा की थी. सभी से विमर्शोपरान्त यह बैठक 1 जून 2022 (बुधवार) को 4 बजे अपराहन में 'सवाद' मुख्यमंत्री सचिवालय, 4 देशरत्न मार्ग में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई है. अनुरोध है कि ससमय इस बैठक में भाग लेने का कष्ट करेंगे.


बता दें कि बिहार में जातीय जनगणना कराने की मांग के लेकर विपक्ष लगातार हमलावर बना हुआ है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव लगातार सर्वदलीय बैठक कराने की मांग कर रहे थे। अब सरकार ने सभी दलों से बात करने के बाद बैठक की तारीख तय कर ली है। 1 जून को इस बैठक के बाद बिहार में जातीय जनगणना को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी।