1st Bihar Published by: Updated Sat, 23 Jul 2022 09:24:41 AM IST
- फ़ोटो
BAGHA: बिहार के बगहा जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां 9वीं का एक छात्र अपने परिवार की परवाह किए बिना भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव से मिलने दिल्ली चला गया। छात्र का नाम अखिलेश यादव है, जो स्कूल से मिले प्रोत्साहन राशि लेकर दिल्ली भाग निकला। इधर परिजनों ने उसके अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। दिल्ली पहुंचने के बाद अखिलेश को बड़ा झटका लगा।
दरअसल, छात्र गायक खेसारी लाल यादव का बहुत बड़ा फैन है। स्कूल से उसे प्रोत्साहन राशि मिले थे, जिसके बाद वह घर छोड़कर दिल्ली चला गया। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और वे अपने बेटे की खोजबीन करने लगे। थक-हारकर उन्होंने अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। वहीं, दूसरी तरफ अखिलेश दिल्ली चला गया, लेकिन उसकी मुलाक़ात खेसारी से नहीं हुई। अंत में वह घर लौट आया।
अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी खोजबीन में जुट गई। जब पुलिस को अखिलेश की सूचना मिली तो पुलिस ने पडरौना रेलवे स्टेशन से बरामद किया, जिसे बयान के लिए बगहा एसडीपीओ और न्यायालय के सामने पेश किया गया। जानकारी के मुताबिक़, धनहा थाना के देवीपुर योगीटोला का छात्र 19 जुलाई को स्कूल जाने के बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने स्कूल जाकर भी खूब हंगामा किया था और बाद में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था।