Hindi News / news / पटना-वैशाली के DM और SP ने की बैठक, गांधी सेतु पर जाम...

पटना-वैशाली के DM और SP ने की बैठक, गांधी सेतु पर जाम से निजात दिलाने के लिए बनाई रणनीति

1st Bihar Published by: Updated Nov 18, 2020, 10:00:54 PM

 पटना-वैशाली के DM और SP ने की बैठक, गांधी सेतु पर जाम से निजात दिलाने के लिए बनाई रणनीति

- फ़ोटो

PATNA: गांधी सेतु पर जाम से निजात दिलाने के लिए पटना के डीएम कुमार रवि, एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा, एसपी ट्रैफिक डी अमरकेश और हाजीपुर की जिलाधिकारी उदिता सिंह पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों की टीम के साथ जायजा लिया. हाजीपुर सर्किट हाउस में  बैठक कर वाहनों का सुचारू परिचालन कराने और लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए आवश्यक विचार विमर्श किया गया. 

बैठक में जाम लगने के कारण तथा जाम की समस्या के निदान हेतु विचार विमर्श किया गया.  गांधी सेतु पर वाहनों के खराब हो जाने के कारण जाम की स्थिति पैदा होती है. इसके निदान के लिए हाजीपुर एवं पटना की ओर से  एक एक क्रेन और मैकेनिक की व्यवस्था रखने संबंधी विमर्श किया गया. ऐसी स्थिति में पुल पर अचानक खराब होने वाले वाहन को क्रेन के माध्यम से किनारे कर मैकेनिक द्वारा तकनीकी खराबी को दूर किया जा सकता है. इससे किसी वाहन के अचानक खराब हो जाने के कारण सेतु पर जाम की समस्या से बचा जा सकता है.

इसके साथ ही सेतु पर वाहनों का परिचालन रेगुलेट रखने हेतु पुलिस बल को सक्रिय एवं तत्पर रहने तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने संबंधी निर्णय लिए गए. ट्राफिक के बढ़ते दबाव को कम करने हेतु पटना की ओर से 6 पॉइंट पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इसके लिए धनुकी, पहाड़ी पर ,गांधी सेतु का मुहाना, टोल प्लाजा, जीरो माइल, मसौढ़ी मोड़ का टी पॉइंट पर तैनाती की जाएगी. वाच टावर के निर्माण हेतु स्थल चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया.