1st Bihar Published by: Updated Jun 27, 2022, 6:12:41 PM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR : इस वक्त की बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है, जहां तालाब मे डूबने से तीन लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव स्थित गंगा सागर तालाब की है। इस हादसे के बाद मृतक बच्चियों के परिजनों में कोहराम मच गया है। तीनों नहाने के लिए तालाब में गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण उनकी मौत हो गई।
तीनों बच्चियों की उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। मृतकों की पहचान रूबी कुमारी, अजमेरी खातून और ढुंनकी उर्फ खचू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां नहाने के लिए गंगासागर तालाब में गई थी। तीनों तालाब में नहा रही थी इसी दौरान गहरे पानी में जाने से डूब गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चियों के परिजन भी भागे-भागे तालाब के पास पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।