1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Mar 17, 2022, 1:53:24 PM
- फ़ोटो
SAHARSA : खबर सहरसा से है, जहां भीषण सड़क हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना महिषी थाना क्षेत्र के बलवा पुल के पास की है। यहां एक स्कॉर्पियो और पिकअप वैन में जोरदार टक्कर हो गई। जिससे स्कॉर्पियो सवार एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक बच्ची की पहचान नवहट्टा निवासी वीरेंद्र गुप्ता की 15 वर्षीय बेटी राधा कुमारी के रूप में की गई है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कॉर्पियो चालक सिंटू पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह पटना से नौहट्टा जाने के दौरान महिषी थाना क्षेत्र के बलुआहा पेट्रोल पंप के पास तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे स्कॉर्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्कॉर्पियो चालक गाड़ी में बुरी तरह से फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल चालक सिंटू पासवान की हालत नाजुक बनी हुई है।