1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 30, 2023, 4:21:14 PM
- फ़ोटो
MOTIHARI: मोतिहारी में पूर्व मुखिया के बेटे और समर्थकों की दबंगई सामने आई है। रंगदारी नहीं देने से नाराज मुखिया के बेटे ने पहले युवक को अगवा कर लिया और बाद में उसके साथ दरिंदगी की सभी हदों को पार कर गए। आरोपियों ने युवक के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसका सिर और आधी मूंछ मुंडवाकर थूक भी चटवाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, पूरा मामला बीते 27 जून का है। बताया जा रहा है कि गोविजदापुर निवासी राममनंद राय का 35 वर्षीय बेटा उज्जवल बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान सागर पंचायत के पूर्व मुखिया सीबी सिंह के बेटे ने रंगदारी नहीं देने पर उसे अगवा कर लिया और उसके साथ दरिंदगी की। आरोपी जब युवक की पिटाई कर रहे थे, तभी वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरे घटनाक्रम का फेसबुल लाइव कर दिया। जिसके बाद पिटाई का वीडियो वायरल हो गया हालांकि फर्स्ट बिहार वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
पीड़ित के पिता ने कल्याणपुर थाने में पूर्व मुखिया सीबी सिंह के बेटे सोनू सिंह,भतीजे रणधीर और रणवीर समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व मुखिया और वर्तमान मुखिया सुनील कुमार की पत्नी ममता सिंह आपस में रिश्तेदार हैं। इन दोनों के बीच चुनावी रंजिश और जमीन विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुटी है।