बिहार में कहर बरपा रहे बदमाश: अपराधियों ने युवक को मौत के घाट उतारा, छाता लेकर घूमती रह गई पुलिस!

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 22, 2023, 5:19:38 PM

बिहार में कहर बरपा रहे बदमाश: अपराधियों ने युवक को मौत के घाट उतारा, छाता लेकर घूमती रह गई पुलिस!

- फ़ोटो

CHHAPRA: बिहार में बेखौफ अपराधी गांव हो या शहर हर जगह कहर बरपा रहे हैं। राज्य के अलग अलग जिलों से हत्या की खबरें सुर्खियां बटोर रहीं हैं और बिहार पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने में विफल साबित हो रही है। ताजा मामला छपरा से सामने आया है, जहां बदमाशों ने एक युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमधा गांव की है।


मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के बरहमपुर नया टोला निवासी मुखी राय के बेटे छोटू राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छोटू राय किसी काम से उमधा गया था, जहां बदमाशों ने गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बरहमपुर पुल के पास सड़क जाम कर दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राज्य सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और गुस्साए लोगों को शांत करा कर सड़क जाम खत्म कराया। पुलिस द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाए जाने के बाद गुस्साए परिजन शांत हुए। परिजनों का कहना है कि बिहार की सरकार सुशासन का दावा करती है लेकिन बिहार में कानून का राज खत्म हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को शराब पकड़ने से फुर्सत नहीं और अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं।