1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated May 14, 2024, 8:24:41 AM
- फ़ोटो
ARA : बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। बदमाशों ने घर से ब्लॉक ऑफिस जा रहे प्रखंड प्रमुख के बेटे को गोलियों से भून दिया है। पांच गोलियां लगने के बाद प्रमुख के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मुफस्सिल थानाक्षेत्र के सारंगपुर गांव की है।
जानकारी के मुताबिक सैदपुर गांव निवासी रमई राम और सदर प्रखंड प्रमुख जय कुमारी देवी का 25 वर्षीय बेटा अखिलेश कुमार अपनी मां के साथ सदर प्रखंड कार्यालय में काम करता था। हर रोज की तरह वह ब्लॉक ऑफिस जाने के लिए घर से निकला था। तभी बीच रास्ते में सारंगपुर गांव स्थित चिमनी भट्ठा के पास कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी की इस घटना में अखिलेश को पांच गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने किसी के साथ उसकी दुश्मनी की बात से इनकार किया है। किन कारणों से प्रमुख के बेटे की हत्या की गई है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को ही अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के बेटे को गोली मारी थी। देर रात तक जब वह जब वापस नहीं लौटा तो परिजनों को शंका हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। जिसके बाद सोमवार की देर रात खून से लथपथ शव बरामद किया गया है। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।