‘दीदी, मुझे डर लग रहा है… दो लड़के पीछा कर रहे हैं’, आखरी कॉल के बाद गायब हो गई पटना की छात्रा

Patna Missing Girl Case: बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र से 20 वर्षीय छात्रा नेहा कुमारी के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। गायब होने से पहले छात्रा ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि दो युवक उसका पीछा कर रहे हैं और उसे

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 14, 2026, 5:15:01 PM

 ‘दीदी, मुझे डर लग रहा है… दो लड़के पीछा कर रहे हैं’, आखरी कॉल के बाद गायब हो गई पटना की छात्रा

- फ़ोटो

Patna Missing Girl Case: बिहार की राजधानी पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक 20 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। छात्रा के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद परेशान हैं। छात्रा ने गायब होने से ठीक पहले अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया था कि दो लड़के उसका पीछा कर रहे हैं और उसे बहुत डर लग रहा है। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पटना जिले के दानापुर अनुमंडल के बिहटा थाना क्षेत्र की है। लापता छात्रा की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 11 मार्च की सुबह करीब 8 बजे घर से पढ़ाई करने के लिए निकली थी। वह बिहटा के श्रीरामपुर इलाके में स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने जाती थी। रोज की तरह वह उस दिन भी लाइब्रेरी गई थी, लेकिन दोपहर के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।


परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे नेहा ने अपनी बड़ी बहन सलोनी कुमारी को फोन किया था। फोन पर वह काफी घबराई हुई थी। उसने अपनी बहन से कहा कि “दीदी, मुझे बहुत डर लग रहा है। दो लड़के मेरा पीछा कर रहे हैं।” बहन ने उसे समझाते हुए कहा कि घबराओ मत और जल्दी घर आ जाओ। लेकिन उस कॉल के बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और फिर उससे कोई संपर्क नहीं हो सका।


जब देर शाम तक नेहा घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं भी उसका पता नहीं चला तो उन्होंने बिहटा थाना में जाकर इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों को आशंका है कि छात्रा के साथ कोई अनहोनी हो सकती है या फिर उसका अपहरण कर लिया गया है।


इस मामले में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। बताया जा रहा है कि इस फुटेज में देखा गया है कि जब छात्रा रास्ते से जा रही थी, उसी समय दो युवक उसके पीछे-पीछे चलते हुए नजर आ रहे हैं। इससे परिवार की चिंता और भी बढ़ गई है।


इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी जांच में जुट गई है। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। छात्रा की तलाश के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस की मदद से छात्रा के मोबाइल का आखिरी लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही है।


पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेजी से की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही छात्रा का पता लगा लिया जाएगा और मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।