ब्रेकिंग
BSEB चेयरमैन IAS त्यागराजन एसएम का बढ़ा कद, अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी; बिहार सरकार ने दी हरी झंडी✦Bihar MLC Result: भाजपा से दो बार मिली हार, जन सुराज से मिली जीत; कौन हैं दरभंगा शिक्षक MLC डॉ. सुरेश राय?✦Bihar Crime: जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या! पत्नी भी गंभीर रूप से घायल, एक आरोपी गिरफ्तार✦Neeraj Kumar Victory: कभी अनंत सिंह ने दिलाया था टिकट, अब उन्हीं के विरोध के बावजूद चौथी बार जीते नीरज✦विक्रमशिला एक्सप्रेस के समय में बदलाव... अब इतनी देरी से पहुंचेगी दिल्ली, जानें नया शेड्यूल✦BSEB चेयरमैन IAS त्यागराजन एसएम का बढ़ा कद, अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी; बिहार सरकार ने दी हरी झंडी✦Bihar MLC Result: भाजपा से दो बार मिली हार, जन सुराज से मिली जीत; कौन हैं दरभंगा शिक्षक MLC डॉ. सुरेश राय?✦Bihar Crime: जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या! पत्नी भी गंभीर रूप से घायल, एक आरोपी गिरफ्तार✦Neeraj Kumar Victory: कभी अनंत सिंह ने दिलाया था टिकट, अब उन्हीं के विरोध के बावजूद चौथी बार जीते नीरज✦विक्रमशिला एक्सप्रेस के समय में बदलाव... अब इतनी देरी से पहुंचेगी दिल्ली, जानें नया शेड्यूल

Bihar MLC Result: भाजपा से दो बार मिली हार, जन सुराज से मिली जीत; कौन हैं दरभंगा शिक्षक MLC डॉ. सुरेश राय?

दो चुनावी हार के बाद डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने तीसरे प्रयास में इतिहास रच दिया। जन सुराज के टिकट पर दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद बेगूसराय स्थित उनके आवास पर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। अब शिक्षकों की नजर उनके वादों पर है।

Bihar MLC Result: भाजपा से दो बार मिली हार, जन सुराज से मिली जीत; कौन हैं दरभंगा शिक्षक MLC डॉ. सुरेश राय?
Tejpratap
Tejpratap
6 मिनट

Bihar MLC Result :  दो बार हार मिली, पार्टी बदली और तीसरी कोशिश में बाजी पलट गई। बेगूसराय के डॉ. सुरेश प्रसाद राय की चुनावी कहानी इस बार जीत पर आकर ठहरी है। 2014 और 2020 में भाजपा के टिकट पर दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़कर हारने वाले डॉ. राय ने 2026 में जन सुराज का दामन थामा और इसी सीट से जीत दर्ज कर ली। नतीजा आते ही बेगूसराय स्थित उनके आवास पर ऐसा माहौल बना कि सुबह से ही बधाई देने वालों की कतार लग गई। कोई माला लेकर पहुंचा तो कोई बुके और मिठाई लेकर। समर्थकों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिखाई दी।


डॉ. सुरेश राय के लिए यह सिर्फ चुनाव जीतने की कहानी नहीं है, बल्कि लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद मिली सफलता है। 2014 और 2020 में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली थी। भाजपा के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी निभाने वाले डॉ. राय ने बाद में राजनीतिक रास्ता बदलते हुए जन सुराज का रुख किया।1 सितंबर 2026 को दरभंगा में आयोजित जन सुराज की बैठक में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उन्होंने अपनी दावेदारी को मजबूत किया और तीसरी कोशिश में जीत का स्वाद चख लिया।


जीत के बाद डॉ. राय ने अपनी प्राथमिकताएं भी साफ कर दी हैं। उनका कहना है कि शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को अब सदन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा का लाभ शिक्षकों को दिलाना, वित्त रहित शिक्षाकर्मियों को अनुदान की जगह वेतनमान दिलाना और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।डॉ. सुरेश राय का फोकस सिर्फ सदन में मुद्दे उठाने तक सीमित नहीं है। उन्होंने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चारों जिलों में शिक्षक सेवा केंद्र स्थापित करने की योजना भी बताई है। उनका कहना है कि शिक्षक अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटकने के बजाय स्थानीय स्तर पर अपनी बात दर्ज करा सकें, इसके लिए व्यवस्था विकसित की जाएगी।


इन सेवा केंद्रों के जरिए शिक्षकों की समस्याएं सुनी जाएंगी। जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव होगा, उन्हें वहीं सुलझाने की कोशिश होगी। वहीं राज्य स्तर से जुड़े मामलों को संबंधित विभाग और अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।सरकारी आवास को लेकर भी डॉ. राय ने एक अलग तरह की योजना बताई है। उनका कहना है कि सदन में जाने के बाद अगर उन्हें सरकारी आवास मिलता है तो उसमें एक कमरा छोड़कर बाकी हिस्से का इस्तेमाल शिक्षक सेवा केंद्र के रूप में करने की योजना है। हालांकि, ऐसा सरकारी नियमों और अनुमति के दायरे में ही संभव होगा।


डॉ. राय शिक्षा को लेकर भी सरकार के सामने अपनी बात मजबूती से रखने की बात कह रहे हैं। उनका मानना है कि किसी भी राज्य की तरक्की के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है और शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ शिक्षक हैं। इसलिए प्राथमिक विद्यालय से लेकर विश्वविद्यालय तक शिक्षकों के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को वह उठाएंगे। डॉ. सुरेश प्रसाद राय का शैक्षणिक सफर भी लंबा रहा है। 5 जनवरी 1959 को जन्मे डॉ. राय ने बेगूसराय के बीपी हाई स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद एमएससी और पीएचडी की डिग्री हासिल की और लंबे समय तक विज्ञान शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें राज्य सैद्धांतिक विज्ञान उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


उन्होंने 30 दिसंबर 1981 को सुहृद्र बाल शिक्षा मंदिर की स्थापना की थी। इसके अलावा वह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के अधिषद सदस्य भी रह चुके हैं। बेगूसराय के एमआरजेडी कॉलेज के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली है। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया। 30 अप्रैल 2011 को बीपी हाई स्कूल से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद वह शिक्षक राजनीति में और सक्रिय हुए। इसके बाद दो चुनावी हार ने भले ही उनकी राह मुश्किल की हो, लेकिन उन्होंने कोशिश नहीं छोड़ी। आखिरकार 2026 में जन सुराज के टिकट पर मिली जीत ने उनकी राजनीतिक पारी को नई पहचान दे दी।


अब चुनौती जीत के बाद शुरू हुई है। जिन वादों के सहारे डॉ. सुरेश राय ने शिक्षकों का भरोसा जीता है, उन पर सबकी नजर रहेगी। सातवें वेतन आयोग का लाभ, वित्त रहित शिक्षाकर्मियों को वेतनमान, गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति और चार जिलों में शिक्षक सेवा केंद्र—इन वादों को धरातल पर उतारना उनके लिए सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगी।दो हार के बाद मिली यह जीत भले ही डॉ. सुरेश राय के लिए जश्न का मौका है, लेकिन अब शिक्षकों को इंतजार है कि चुनावी वादों की यह जीत कब उनके हक की जीत में बदलती है।