Hindi News / news / बिहार में बेखौफ अपराधी; खेत में शराब पीने से रोका तो महिला की...

बिहार में बेखौफ अपराधी; खेत में शराब पीने से रोका तो महिला की कर दी हत्या

1st Bihar Published by: AJIT Updated Feb 21, 2022, 9:52:29 AM

बिहार में बेखौफ अपराधी; खेत में शराब पीने से रोका तो महिला की कर दी हत्या

- फ़ोटो

BHAGALPUR : नाथनगर थाना क्षेत्र के गोसाईदासपुर पंचायत अंतर्गत हरीदासपुर गांव स्थित बहियार में सोमवार अलसुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान छोटी हरदासपुर गांव निवासी लालू मंडल की पत्नी जीरा देवी (58) के रूप में पुलिस द्वारा की गई है। 


घटना की सूचना पर पहुंची नाथनगर पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मृतका के पुत्र गोनू मंडल से मिली जानकारी के अनुसार उसकी मां बीती शाम करीब 6 बजे घर में खाना बना कर साग-सब्जी की जोगवारी के लिए बहियार आई थी। उसने बताया कि उसके खेत में दबंग प्रवृत्ति के लोग आकर शराब बनाने के साथ-साथ शराब पार्टी करते थे। वे लोग उनलोगों के खेत से सब्जी भी चोरी कर लेते थे। 


गोनू ने बताया कि देर शाम 8 बजे तक जब उसकी मां घर नहीं लौटी तो गांव वालों के साथ मिल उसकी काफी-खोजबीन की। देर रात दो बजे तक खेत व आसपास के इलाके में काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ भी अता-पता नहीं चला। इसके बाद पुनः सुबह खोजबीन के लिए खेत पहुंचे, तो मां का शव बहियार में काफी अंदर आम बगीचा के पास बरामद हुआ। इधर, पुलिस मृतक के परिजनों का बयान लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई थी।