1st Bihar Published by: Updated Sep 11, 2021, 3:19:39 PM
- फ़ोटो
VAISHALI : बिहार के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. सरकार की तरफ से बाढ़ राहत कैंप की भी व्यवस्था की गई है. हालांकि लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. इधर लोगों को बाढ़ की समस्या से निकालने और उन तक मदद पहुंचाने का जिम्मा अब एलजेपी नेताओं ने उठा लिया है. इसी कड़ी में आज वैशाली विधानसभा अंतर्गत वैशाली प्रखंड के कई पंचायतों में आज बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया गया.

वैशाली प्रखंड के चक अलह दाद , सलेमपुर, जतकौली, पटेढ़ी बेल्सर प्रखंड में साइन, करनेजी पंचायत में बाढ़ राहत के लिए 'चिराग का आहार' नाम से खाद्य सामग्री का वितरण किया गया. एलजेपी नेताओं ने पानी में डूबे इलाकों में जाकर लोगों के बीच फ़ूड पैकेट का वितरण किया. नेताओं ने जिस बैग में भोजन का वितरण किया, उसमें LJP अध्यक्ष चिराग पासवान की तस्वीर और 'चिराग का आहार' लिखा हुआ था.

मौके पर एलजेपी के प्रदेश प्रवक्ता और वैशाली से विधानसभा चुनाव लड़ चुके अजय कुशवाहा ने क्षेत्र के मौजूदा विधायक और बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है. बाढ़ पीड़ित जैसे-तैसे अपना जीवन बसर करने को मजबूर हैं. यहां लोगों के लिए शौचालय तक का इंतजाम नहीं है. इस क्षेत्र के स्थानीय विधायक जनता दल यूनाइटेड से हैं लेकिन फिर भी सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है. वितरण कार्यक्रम में एलजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
