Hindi News / news / बिहार : गंगा में स्नान के दौरान दो कांवरियों की मौत, देवघर जा...

बिहार : गंगा में स्नान के दौरान दो कांवरियों की मौत, देवघर जा रहे थे दोनों बाप-बेटे

1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Sep 06, 2022, 12:15:21 PM

बिहार : गंगा में स्नान के दौरान दो कांवरियों की मौत, देवघर जा रहे थे दोनों बाप-बेटे

- फ़ोटो

BHAGALPUR : खबर भागलपुर से आ रही है, जहां गंगा में स्नान करने के दौरान डूबने से दो कांवरियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुलतानगंज के अजगैबीनाथ गंगा घाट की है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को गंगा से बरामद कर लिया है और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 


मृतकों की पहचान गया के गुरारू थाना क्षेत्र निवासी अमरनाथ मिश्रा और विक्की मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों मृतक बाप और बेटा बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक अमरनाथ मिश्रा अपने छोटे बेटे विक्की मिश्रा के साथ देवघर जाने के लिए गया से सुल्तानगंज पहुंचे थे। सुल्तानगंज में दोनों बाप बेटे अजगैबीनाथ घाट पर स्नान करने के लिए गंगा में उतरे थे। स्नान के दौरान गहराई का पता नहीं चलने पर दोनों बाप-बेटे डूब गए।


स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को गंगा से बरामद किया हालांकि तबतक बाप-बेटे की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।