1st Bihar Published by: SANT SAROJ Updated Sat, 30 Apr 2022 12:47:50 PM IST
- फ़ोटो
SUPAUL : बड़ी खबर सुपौल से आ रही है, जहां भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। देर रात हुए इस हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी मची रही। घटना ललितग्राम ओपी के क्वार्टर चौक के पास की है। बताया जा रहा है कि तीन युवक कार पर सवार होकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इसी दौरान कार की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।
जोरदार आवाज को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि हादसे में घायल हुए तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि जदिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 निवासी भूपेंद्र मंडल अपनी बेटी,नतिनी और अन्य लोगों के साथ निजी वाहन से यूपी जा रहे थे। इसी दौरान क्वार्टर चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में भूपेंद्र मंडल और उसकी नतिनी समेत एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।