1st Bihar Published by: BADAL ROHAN Updated May 13, 2022, 3:05:09 PM
- फ़ोटो
PATNA: खबर राजधानी पटना से है, जहां भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित NH30 की है। यहां तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने एक स्कूटी सवार को रौंद डाला। जिससे स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और एनएच 30 को घंटो जाम कर दिया।
मृतक की पहचान अरविंद कुमार मिश्रा के रूप में की गई है, जो कि एक कूरियर कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि जकरियापुर निवासी अरविंद कुमार मिश्रा अपनी पत्नी ऋतु मिश्रा के साथ स्कूटी पर सवार होकर निजी कार्य से घर से निकले थे। इसी दौरान जीरो माइल के पास बेकाबू ट्रक ने दोनों को रौंद डाला। जिससे अरविंद कुमार मिश्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी ऋतु मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और एनएच 30 को जाम कर दिया। जिससे एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी है। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।