1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 05, 2026, 3:53:57 PM
- फ़ोटो
What is Whatsapp Plus: देश में करोड़ों लोग लोग रोजाना मैसेज भेजने, कॉल करने और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं। अब इसी लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही एक नया प्रीमियम प्लान लॉन्च कर सकती है, जिसे व्हाट्सऐप प्लस कहा जा रहा है।
इस नए प्लान के आने के बाद व्हाट्सऐप दो तरह से काम कर सकता है। एक सामान्य फ्री वर्जन रहेगा, जिसे अभी की तरह सभी लोग बिना पैसे दिए इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं दूसरा पेड वर्जन होगा, जिसमें यूजर्स को कुछ अतिरिक्त और खास फीचर्स दिए जा सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जानकारी WABetaInfo की रिपोर्ट में सामने आई है, जो अक्सर व्हाट्सऐप के आने वाले फीचर्स से जुड़ी जानकारी साझा करती रहती है।
क्या है व्हाट्सऐप प्लस
रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सऐप प्लस कोई अलग नया ऐप नहीं होगा। बल्कि यह व्हाट्सऐप के अंदर ही एक वैकल्पिक प्रीमियम सदस्यता योजना हो सकती है।
इसका मतलब यह है कि जो लोग अतिरिक्त सुविधाओं का इस्तेमाल करना चाहेंगे, वे हर महीने एक तय शुल्क देकर इस सेवा को सक्रिय कर सकेंगे। इसके बदले उन्हें कुछ ऐसे फीचर्स मिलेंगे जो सामान्य मुफ्त संस्करण में उपलब्ध नहीं होंगे।
बताया जा रहा है कि इस नए प्लान को एंड्रॉयड और आईओएस दोनों तरह के स्मार्टफोन के लिए विकसित किया जा रहा है। हालांकि अभी यह फीचर आधिकारिक रूप से लॉन्च नहीं हुआ है और कंपनी इसकी टेस्टिंग कर रही है।
व्हाट्सऐप प्लस में मिल सकते हैं ये खास फीचर्स
अगर यह सेवा शुरू होती है तो प्रीमियम यूजर्स को कई अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं।
1. ज्यादा कस्टमाइजेशन विकल्प
व्हाट्सऐप प्लस यूजर्स को ऐप को अपने अनुसार बदलने के लिए ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं। वे ऐप की थीम बदल सकेंगे, इंटरफेस को अलग डिजाइन में सेट कर पाएंगे और ऐप के आइकन को भी बदल सकेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी करीब 14 नए आइकन और कई थीम देने की योजना बना रही है। इससे पेड यूजर्स का व्हाट्सऐप फ्री यूजर्स से अलग दिखेगा।
2. ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा
अभी व्हाट्सऐप में सिर्फ 3 चैट को ही पिन किया जा सकता है। लेकिन व्हाट्सऐप प्लस में यह सीमा काफी बढ़ सकती है।
प्रीमियम यूजर्स को करीब 20 चैट तक पिन करने की सुविधा मिल सकती है। इससे महत्वपूर्ण बातचीत को ऊपर रखना आसान हो जाएगा और जरूरी मैसेज तुरंत मिल सकेंगे।
3. खास रिंगटोन का विकल्प
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी व्हाट्सऐप प्लस यूजर्स के लिए कुछ विशेष रिंगटोन देने की योजना भी बना रही है।
इन रिंगटोन की मदद से यूजर आसानी से पहचान सकेंगे कि आने वाली कॉल व्हाट्सऐप से है या सामान्य फोन कॉल। यह सुविधा फ्री यूजर्स के पास नहीं होगी।
4. एक्सक्लूसिव स्टिकर और रिएक्शन
व्हाट्सऐप प्लस यूजर्स को कुछ खास स्टिकर और रिएक्शन आइकन भी दिए जा सकते हैं। ये स्टिकर और इमोजी केवल पेड यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे।
इससे प्रीमियम यूजर्स का चैटिंग अनुभव सामान्य यूजर्स से थोड़ा अलग और खास हो सकता है।
क्या बंद हो जाएगा फ्री व्हाट्सऐप?
कई लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या व्हाट्सऐप का फ्री वर्जन बंद हो जाएगा।
लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा होने की संभावना नहीं है। अभी जो फ्री व्हाट्सऐप सभी लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, वह पहले की तरह ही चलता रहेगा।
व्हाट्सऐप प्लस केवल एक अतिरिक्त सुविधा होगी, जिसका उपयोग वही लोग करेंगे जो प्रीमियम फीचर्स के लिए भुगतान करना चाहेंगे।
हालांकि भविष्य में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कुछ नए फीचर्स पहले प्रीमियम यूजर्स को मिलेंगे और बाद में फ्री यूजर्स तक पहुंचेंगे या नहीं।
कितनी हो सकती है कीमत
फिलहाल कंपनी ने व्हाट्सऐप प्लस की कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
लेकिन टेक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह सेवा शुरू होती है तो इसकी कीमत ज्यादा नहीं रखी जाएगी, खासकर भारत जैसे बड़े बाजार के लिए। संभव है कि कंपनी इसे कम कीमत वाले मासिक प्लान के रूप में पेश करे।
इंटरनेट से WhatsApp Plus डाउनलोड करने से बचें
यहां एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है। इंटरनेट पर पहले से ही WhatsApp Plus नाम से कई एपीके फाइलें उपलब्ध हैं।
इन फाइलों को डाउनलोड करके मोबाइल में इंस्टॉल करना खतरनाक हो सकता है। कई बार इनमें वायरस या मैलवेयर होते हैं, जो आपके फोन को नुकसान पहुंचा सकते हैं या आपकी निजी जानकारी चोरी कर सकते हैं।
इसलिए हमेशा केवल आधिकारिक Meta Platforms द्वारा जारी व्हाट्सऐप ऐप का ही इस्तेमाल करें और किसी अनजान वेबसाइट से ऐप डाउनलोड करने से बचें।
क्या बदल सकता है व्हाट्सऐप का अनुभव
अगर व्हाट्सऐप प्लस लॉन्च होता है तो यह मैसेजिंग ऐप के अनुभव को थोड़ा अलग बना सकता है। फ्री और पेड यूजर्स के बीच फीचर्स का अंतर साफ दिखाई देगा।
हालांकि कंपनी का मुख्य उद्देश्य संभवतः उन यूजर्स को अतिरिक्त सुविधाएं देना होगा जो अपने चैटिंग अनुभव को और बेहतर बनाना चाहते हैं।