DESK: आजकल के लड़के और लड़कियों को रील्स बनाने का ऐसा भूत सवार हो गया है कि वायरल होने और व्यू बढ़ाने के लिए ये तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। अभी हाल ही में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गरबा ड्रेस पहनकर सिगरेट पीने और पिस्टल लहराती लड़कियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और शिकायत के बाद पुलिस ने 9 लड़कियों को गिरफ्तार किया। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि सोशल मीडिया पर एक और लड़की का वीडियो वायरल हो गया।
जिसमें बाइक का हैंडल छोड़कर लड़की स्टंट करती नजर आ रही है और बाइक का हैंडल छोड़कर हाथों से गोली चलाती नजर आ रही है। वीडियो बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के सीतापुर की बताई जा रही है। बाइक पर स्टंट करती लड़की सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर का है, जहां सोशल मीडिया पर चेहरा चमकाने और रील बनाने के चक्कर में एक युवती को सड़क पर स्टंट करना भारी पड़ गया। युवती बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन करती नजर आई, बल्कि बाइक का हैंडल छोड़कर हाथों से गोली चलाने का इशारा भी करती दिखी। युवती के इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपये का चालान काट दिया।
रील बनाने के लिए सड़क पर इस तरह की लापरवाही युवती के साथ-साथ दूसरे लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती थी। पुलिस की इस कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों को सख्त संदेश दिया है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का वीडियो खूब वायरल हुआ। बजरंग दल और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। नवरात्रि और गरबा के पवित्र माहौल के बीच बनाए गये वीडियो को लेकर बवाल मच गया। परंपरा और आधुनिकता के नाम पर फूहड़ता परोसने का आरोप लगाया गया। वायरल वीडियो में गरबा की तैयारियों के नाम पर रील शूट करती लड़कियां दिख रही है।
गरबा के ड्रेस में सिगरेट पीती लड़कियां हाथ में कथित पिस्टल लहराती नजर आई। इस वीडियो को शिफा मैथ्यू नाम की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया था। वीडियो में कुछ लड़कियां पारंपरिक घाघरा-चोली और गरबा ड्रेस में नजर आ रही हैं, लेकिन उनके हाथ में सिगरेट और पिस्टल दिखाई दे रही है। खुलेआम सिगरेट के कश लगाते और हथियार लहराते हुए इन लड़कियों का अंदाज देख लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली शिफा मैथ्यू मेकअप आर्टिस्ट, इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वो एक्टिव रहती हैं। उनके रील्स को लोग खूब पसंद भी करते हैं। सोशल मीडिया पर उनके 12K फॉलोवर्स हैं। लेकिन इस बार शिफा ने जो रील बनाया वो विवाद का विषय बन गया है। गरबा ड्रेस में सिगरेट पीते और पिस्टल लहराते हुए वीडियो के वायरल होने के बाद बजरंग दल, स्थानीय लोग और कई हिंदू संगठनों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
उनका कहना था कि नवरात्रि और गरबा हमारी सनातन संस्कृति की आस्था का प्रतीक हैं। गरबा के कपड़ों में इस तरह खुलेआम सिगरेट और हथियारों का प्रदर्शन करना न सिर्फ धार्मिक संस्कृति का अपमान है, बल्कि इससे आम जनता की भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसलिए उन्होंने पुलिस से एक्शन लेने की मांग की। लोगों की इस मांग पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और सभी को अरेस्ट किया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हैं। जबकि यूपी के वायरल वीडियो में जो लड़की बाइक पर स्टंट करती दिख रही है। उसके ऊपर भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपये का चालान काट दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को सीख लेनी चाहिए कि वो इस तरह का वीडियो या रील ना बनाये, इससे समाज में गलत संदेश जाता है।






