गिरिडीह: टफकॉन XT परिसर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ की गई। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्यों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर संस्थान की सुख-समृद्धि, तरक्की और कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बताया गया कि टफकॉन XT पिछले करीब 20 वर्षों से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन धूमधाम से करता आ रहा है। कंपनी से जुड़े करीब 2000 से अधिक लोगों के परिवार के लिए यह आयोजन अब एक महत्वपूर्ण परंपरा बन चुका है। पूजा के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और एक-दूसरे को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर टफकॉन XT के मार्केटिंग डायरेक्टर इंद्रजीत लाला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, तकनीक और श्रम का प्रतीक माना जाता है। कंपनी में हर वर्ष इस पूजा का आयोजन कर्मचारियों की मेहनत और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से भी किया जाता है।
उन्होंने कहा कि टफकॉन XT परिवार पिछले दो दशक से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। कंपनी का प्रयास है कि कर्मचारियों के साथ मिलकर हर पर्व और त्योहार को उत्साह एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाए। पूजा के बाद प्रसाद का वितरण भी किया गया।












